Breaking News

सपा विधायक का आरोप: गाज़ीपुर जाते समय प्रतिनिधिमंडल पर पथराव,

सपा विधायक का आरोप: गाज़ीपुर जाते प्रतिनिधिमंडल पर पथराव, कार्रवाई की मांग

रायबरेली के हरचंदपुर से विधायक राहुल लोधी ने गाज़ीपुर में विश्वकर्मा समाज की बेटी के रेप व हत्या के मामले को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल पर सत्ता संरक्षित गुंडों द्वारा पथराव कराया गया, जो बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। विधायक के अनुसार इस हमले में सपा के पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा सहित कई पुरुष और महिलाएं घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा देने जा रहा था, तभी रास्ते में अचानक पथराव की घटना हुई जिससे अफरा-तफरी मच गई। 
घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। राहुल लोधी ने आरोप लगाया कि यह सब भारतीय जनता पार्टी के संरक्षण में हो रहा है और प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। उन्होंने कहा कि जब जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। विधायक ने कहा कि प्रदेश में लगातार दलित-पिछड़े और कमजोर वर्गों पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार इन मामलों में गंभीरता नहीं दिखा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई थानों में जातिगत भेदभाव की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे पीड़ितों को न्याय मिलने में देरी हो रही है। राहुल लोधी ने प्रशासन से मांग की कि इस घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले समय में विधानसभा में जोरदार विरोध प्रदर्शन और धरना दिया जाएगा। सपा विधायक ने कहा कि अत्याचार और अन्याय के खिलाफ समाजवादी विचारधारा की लड़ाई लगातार जारी रहेगी और पार्टी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।